भोपाल। प्रदेश में अब बांड वाले एमबीबीएस डॉक्टरों के लिए 100 जगहों की पसंद भरना अनिवार्य कर दिया गया है। यदि ऐसा नहीं किया गया तो सरकार स्वयं उनकी पोस्टिंग अपनी उपलब्धता के आधार पर करेगी।संचालनालय लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल पसंद भरने से पोस्टिंग सुनिश्चित नहीं होगी। पदों की उपलब्धता और शासन की आवश्यकता के आधार पर ही पदस्थापना की जाएगी।
दोबारा नहीं मिलेगा मौका
एक बार आदेश जारी होने के बाद ट्रांसफर या बदलाव का कोई आवेदन स्वीकार नहीं होगा। यदि कोई डॉक्टर निर्धारित समयसीमा में अपनी पोस्टिंग वाली जगह पर ज्वाइन नहीं करता है तो उसे दोबारा मौका नहीं मिलेगा।
ऐसे डॉक्टरों को बांड की पूरी राशि जमा करने के बाद ही बांड से मुक्त किया जाएगा। वहीं, जो डॉक्टर समय पर च्वाइस नहीं भरेंगे, उन्हें विभाग अपनी आवश्यकता के अनुसार कहीं भी पदस्थ कर देगा।
21 से 31 अगस्त तक मौका
मेडिकल कॉलेजों से पास हुए एमबीबीएस बांड डॉक्टरों की सरकारी पदस्थापना के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग का आयोजन किया जा रहा है। संचालनालय ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया है। जिन डॉक्टरों के नियुक्ति आदेश अभी तक जारी नहीं हुए हैं, वे 21 अगस्त शाम छह बजे से 31 अगस्त रात 12 बजे तक पोर्टल पर अपनी पसंद भर सकते हैं।
विभाग ने सभी पात्र डॉक्टरों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर लॉगिन आईडी और पासवर्ड भेजना शुरू कर दिया है। पोर्टल पर लागिन करने के बाद डॉक्टर अपना नाम, नंबर और प्रोविजनल मेरिट क्रमांक देख सकेंगे। यदि कोई गलती है तो रिमार्क कालम में लिखकर अपने मेडिकल कॉलेज के डीन के माध्यम से सुधार करा सकते हैं।