धनतेरस-दिवाली से पहले सोना हुआ सस्ता, इस हफ्ते चांदी भी 10000 रुपये लुढ़की, जानें 24K, 22K, 18K गोल्ड का नया भाव
Updated on
18-10-2026 12:08 PM
नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में इस हफ्ते बड़ी गिरावट आई है। सोना 3004 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 10191 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई है। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का भाव घटकर 1,46,426 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है। इससे पहले इसकी कीमत 1,49,430 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।इस हफ्ते 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने की कीमतों में भी कमी आई है। 22 कैरेट वाले सोने की कीमत 1,36,878 रुपये से घटकर 1,34,126 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। वहीं 18 कैरेट वाले सोने की कीमत 1,12,073 रुपये से कम होकर 1,09,820 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई।इस हफ्ते कैसा रहा भाव?
आईबीजेए के आंकड़ों के मुताबिक 24 कैरेट सोने का सबसे ऊंचा भाव 12 अक्टूबर को सुबह के सत्र में 1,48,425 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। वहीं, 15 अक्टूबर को सुबह के सत्र में इसका भाव गिरकर 1,45,564 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।चांदी भी 10,000 रुपये से ज्यादा सस्ती
सोने के साथ चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। चांदी का भाव 10,191 रुपये घटकर 2,10,918 रुपये प्रति किलो रह गया है। इससे पहले यह 2,21,109 रुपये प्रति किलो पर थी।इस हफ्ते चांदी का सबसे ऊंचा भाव 12 अक्टूबर को सुबह के सत्र में 2,20,874 रुपये प्रति किलो रहा। वहीं, 15 अक्टूबर को सुबह के सत्र में इसकी कीमत घटकर 2,07,098 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। IBJA रोजाना सुबह और शाम के सत्र में सोने और चांदी के भाव जारी करता है।
क्यों गिर रही हैं सोने-चांदी की कीमतें?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव करीब 4,186 डॉलर प्रति औंस और चांदी का भाव लगभग 57 डॉलर प्रति औंस था। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से डॉलर मजबूत हो रहा है। इससे सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव पड़ रहा है। इसके अलावा, महंगाई बढ़ने के कारण ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका भी निवेशकों को इन कीमती धातुओं से दूरी बनाने के लिए प्रेरित कर रही है। इसी वजह से सोने और चांदी में बिकवाली बढ़ रही है।