न्यू चंडीगढ़: आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है। आज रात होने वाले क्वालीफायर-2 महामुकाबले में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। इस सीजन में दोनों टीमों के बीच यह तीसरी भिड़ंत है। इससे पहले अप्रैल में हुए मैच में राजस्थान ने गुजरात को 6 रन से करीबी शिकस्त दी थी, तो वहीं मई की शुरुआत में गुजरात ने पलटवार करते हुए राजस्थान को 77 रनों के बड़े अंतर से रौंद दिया था। लेकिन आज रात होने वाली यह भिड़ंत सबसे अलग और बेहद खास है, क्योंकि जीतने वाली टीम सीधे डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेलने उतरेगी।दोनों टीमों की मौजूदा स्थिति
शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात की टीम क्वालीफायर-1 में आरसीबी के खिलाफ महज 92 रनों पर सिमट गई थी, जिसके कारण उन्हें करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। हालांकि उस बड़ी हार का दर्द अभी ताजा है, लेकिन शुक्रवार की रात उनके पास वापसी करने और फाइनल का टिकट कटाने का सुनहरा मौका होगा। दूसरी तरफ रियान पराग की राजस्थान रॉयल्स जबरदस्त फॉर्म में हैं। टीम ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से धूल चटाई थी और इस समय वे लगातार तीन मैच जीतकर जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं।क्या है मौसम का हाल, क्या बारिश बनेगी विलेन?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, टॉस के समय से करीब आधा घंटा पहले मुल्लांपुर के आसमान में गरज के साथ छिटपुट बौछारें पड़ने की आशंका है। इसके अलावा मैच के दौरान भी पूरे समय आसमान में बादल छाए रहेंगे। ऐसे में फैंस और दोनों ही कप्तानों के मन में यह बड़ा सवाल उठ रहा है कि अगर बारिश के कारण आज का यह नॉकआउट मुकाबला रद्द हो जाता है, तो क्या होगा?आईपीएल के नियमों और खेलने की शर्तों के क्लॉज 16.10.3 में इस स्थिति को लेकर बेहद स्पष्ट और पारदर्शी नियम बनाए गए हैं। नियम के अनुसार, यदि कोई भी प्लेऑफ मैच बारिश या खराब मौसम के कारण उसमें कोई परिणाम नहीं निकल पाता है, तो विजेता का फैसला लीग स्टेज की अंक तालिका में ऊपर रहने वाली टीम को विजेता घोषित कर दिया जाएगा। आईपीएल 2026 के नियमों के मुताबिक, अगर आज रात बारिश के कारण सुपर ओवर भी नहीं हो पाता है, तो गुजरात टाइटंस सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि लीग स्टेज खत्म होने के बाद गुजरात अंक तालिका में दूसरे स्थान पर थी, जबकि राजस्थान रॉयल्स की टीम तीसरे स्थान पर रही थी।
क्या इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे है?
नहीं, क्वालीफायर-2 के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि क्वालीफायर-2 और फाइनल मैच के बीच सिर्फ एक दिन का गैप है। इसके अलावा ये दोनों मुकाबले अलग-अलग शहरों और स्टेडियमों में होने हैं, जिसके चलते लॉजिस्टिक्स और यात्रा को देखते हुए रिजर्व डे रखना व्यावहारिक रूप से मुमकिन नहीं था। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स के फैंस यही दुआ करेंगे कि मौसम साफ रहे और मैच का फैसला डकवर्थ लुईस नियम या सुपर ओवर के जरिए मैदान पर ही हो, क्योंकि मैच रद्द होने की स्थिति में उनकी टीम सीधे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।