भारतीय सिनेमा के 'बाहुबली' प्रभास के 47वें जन्मदिन पर उनकी अपकमिंग फिल्म 'फौजी' का धमाकेदार टीजर रिलीज किया गया है। देर रात रिलीज इस ढाई मिनट का टीजर शानदार है। इसकी शुरुआत जहां सुभाष चंद्र बोस और हिटलर की बातचीत से होती है, वहीं श्रीमद्भगवद्गीता का भी जिक्र है। आखिर में 'फौजी' बने प्रभास का खतरनाक लुक दिल जीत लेता है। इस पीरियड एक्शन फिल्म में वह अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जंग लड़ रहे जासूस की भूमिका में हैं। यह टीजर सच में फैंस के लिए सबसे बड़ा तोहफा है, क्योंकि 23 अक्टूबर को रेबेल स्टार के जन्मदिन पर ही प्रशांत नील के साथ 'सलार 2' का हिंट भी मिला है।हनु राघवपुडी के निर्देशन में बन रही 'फौजी' एक पीरियड स्पाई-एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म के पहले टीजर को 'फाइल नंबर 25' नाम दिया गया है। इसमें प्रभास को एक ऐसे भारतीय जासूस के रूप में पेश किया गया है, जो अंग्रेजों के खिलाफ गुप्त मिशन पर काम करता है। फिल्म को लेकर उत्साह इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि प्रभास लंबे समय बाद एक अलग ऐतिहासिक अवतार में दिखाई दे रहे हैं। यह फिल्म 19 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।प्रभास के जन्मदिन पर रिलीज हुआ 'फौजी' का टीजर
प्रभास के जन्मदिन के मौके पर मेकर्स ने उनकी फिल्म 'फौजी' का पहला टीजर जारी किया। वीडियो में एक्टर का लुक और उनका किरदार फिल्म की कहानी की झलक दिखाता है। इसमें प्रभास एक ऐसे योद्धा के रूप में नजर आते हैं, जो देश की आजादी के लिए ब्रिटिश साम्राज्य से टक्कर लेने को तैयार है। टीजर से साफ संकेत मिलता है कि फिल्म में एक्शन के साथ जासूसी और ऐतिहासिक घटनाओं का मेल देखने को मिलेगा।नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सुपरस्पाई बने प्रभास
टीजर में दूसरे विश्व युद्ध के दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस और जर्मन तानाशाह एडोल्फ हिटलर की मुलाकात का दृश्य दिखाया गया है। इस ऐतिहासिक घटना को फिल्म में काल्पनिक कहानी के साथ जोड़ा गया है। वीडियो में बोस अपने एक खास जासूस की तारीफ करते नजर आते हैं, जिसने अंग्रेजों के खिलाफ मिशन में श्रीमद्भगवद्गीता से प्रेरित कोड का इस्तेमाल किया है। इसी के जरिए फिल्म में प्रभास के किरदार को एक गुप्त मिशन पर काम करने वाले बहादुर भारतीय जासूस के तौर पर पेश किया गया है।अंग्रेजों के खिलाफ जंग लड़ते दिखे प्रभास
'फौजी' के टीजर में प्रभास का किरदार ब्रिटिश हुकूमत के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरता है। एक सीन में वह भारी मशीन गन तैयार करते हुए दुश्मनों पर हमला करने का इंतजार करते दिखाई देते हैं। बैकग्राउंड में उनकी आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह अंग्रेजों को चुनौती देते हुए आजादी हासिल करने का संकल्प जताते हैं। इस दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस के मशहूर विचारों से प्रेरित संवाद का इस्तेमाल भी किया गया है, जो उनके किरदार के विद्रोही तेवर को दिखाता है।प्रभास के विंटेज अंदाज पर फिदा हुए फैंस
टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर प्रभास के लुक को लेकर प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई फैंस को एक्टर का यह अवतार उनके पुराने दौर की याद दिला रहा है। एक यूट्यूब यूजर ने लिखा, 'बाहुबली दौर की वापसी, प्रभास का विंटेज दौर फिर आ गया है।' वहीं, एक दूसरे फैन ने उन्हें 'भारत के सबसे बड़े सुपरस्टार' बताया। इन प्रतिक्रियाओं से पता चलता है कि प्रभास के फैंस उनके इस नए किरदार को लेकर काफी उत्साहित हैं। इसके अलावा, टीजर में श्रीमद्भगवद्गीता का जिक्र सुनकर भी फैंस ने फिल्म की जमकर तारीफ की। कई दर्शकों का कहना है कि गीता से प्रेरित कोड और देशभक्ति से जुड़ी कहानी फिल्म को खास बना सकती है। कुछ फैंस ने तो यह तक कह दिया कि श्रीमद्भगवद्गीता का संदर्भ फिल्म को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और 'फौजी' को सुपरहिट होने से कोई नहीं रोक सकता।बोस और हिटलर के सीन पर दर्शकों ने उठाए सवाल
जहां कई लोगों ने टीजर की तारीफ की, वहीं कुछ दर्शकों को बोस और हिटलर के बीच दिखाई गई बातचीत को लेकर आपत्ति भी हुई। एक सोशल मीडिया यूजर ने टिप्पणी की, 'प्रभास का रुतबा बढ़ाने के लिए सुभाष चंद्र बोस का इस्तेमाल किया गया है।' वहीं, कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि क्या इस सीन को बनाने में जेनरेटिव AI का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, टीजर में AI के इस्तेमाल को लेकर मेकर्स की ओर से किसी पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।हनु राघवपुडी के निर्देशन में बन रही है 'फौजी'
'फौजी' का निर्देशन हनु राघवपुडी कर रहे हैं। फिल्म को मैथरी मूवी मेकर्स ने प्रोड्यूस किया है, जबकि टी-सीरीज फिल्म्स इसे प्रस्तुत कर रही है। इसके निर्माता नवीन यरनेनी, वाई. रवि शंकर और भूषण कुमार हैं। फिल्म की कहानी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसमें प्रभास एक अलग तरह के किरदार में नजर आने वाले हैं।'कल्कि 2898 AD 2' से भी मिला प्रभास के फैंस को सरप्राइज
प्रभास के जन्मदिन पर उनकी एक और चर्चित फिल्म 'कल्कि 2898 AD 2' सीक्वल से जुड़ा खास वीडियो भी जारी किया गया। इस वीडियो में प्रभास को 'कल्कि 2898 AD 2' के सेट पर लौटते हुए दिखाया गया है। वह फिल्म में अपने किरदार भैरव के गेटअप में नजर आते हैं, जबकि निर्देशक नाग अश्विन उन्हें एक सीन के लिए निर्देश देते दिखाई देते हैं। इस वीडियो के जरिए फैंस को फिल्म के अगले भाग की शूटिंग और निर्माण की एक झलक देखने को मिली है।'फौजी' के साथ 'कल्कि 2'को लेकर भी बढ़ा उत्साह
एक ही दिन 'फौजी' के टीजर और 'कल्कि 2898 AD 2' के सेट से वीडियो सामने आने के बाद प्रभास के फैंस के लिए यह जन्मदिन खास बन गया। एक ओर 'फौजी' में उनका ऐतिहासिक और जासूसी वाला किरदार चर्चा में है, तो दूसरी ओर 'कल्कि' फ्रेंचाइजी में भैरव के रूप में उनकी वापसी ने भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाई है। अब फैंस को 'फौजी' की अगली झलक और 'कल्कि 2898 AD 2' से जुड़े नए अपडेट्स का इंतजार है।