कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक बसवराजू वी शिवगंगा ने रविवार को दावा किया कि डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार आने वाले दिसंबर महीने में मुख्यमंत्री बनेंगे। कम से कम अगले 7.5 साल तक CM बने रहेंगे।
शिवगंगा की बात का समर्थन करते हुए कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री वीरप्पा मोइली ने कहा- डीके शिवकुमार को राज्य का मुख्यमंत्री बनना चाहिए। साथ ही दावा किया कि शिवकुमार का मुख्यमंत्री बनना पहले से ही तय है। कोई उन्हें मुख्यमंत्री बनने से रोक नहीं सकता। इतिहास पहले ही लिख दिया गया है। आज या कल, यह हो जाएगा।
उदुपी में एक कार्यक्रम के दौरान मोइली ने कहा कि शिवकुमार ने मजबूत नेतृत्व प्रदान किया है। हमेशा पार्टी को प्राथमिकता दी। कुछ लोग व्यक्तिगत कारणों से उनकी आलोचना कर सकते हैं, लेकिन इससे कुछ नहीं बदलेगा। मुख्यमंत्री पद उन्हें दिया गया उपहार नहीं है, उन्होंने इसे उन्होंने अर्जित किया है।
शिवागंगा बोले- खून से लिखकर दे दूंगा, शिवकुमार सीएम बनेंगे
कांग्रेस विधायक बसवराजू वी शिवगंगा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इसे लिख कर रख लो। अगर चाहो तो मैं इसे खून से लिखकर दे सकता हूं। शिवकुमार दिसंबर में मुख्यमंत्री बनेंगे। अगर वह दिसंबर में जिम्मेदारी संभालते हैं, तो वह प्रशासन चलाएंगे, जिसमें अगले 5 साल भी शामिल हैं। इसलिए कुल मिलाकर शिवकुमार 7.5 साल तक मुख्यमंत्री रहेंगे।
शिवागंगा ने आगे कहा कि शिवकुमार ने इतिहास रचा है। उन्होंने पार्टी को व्यवस्थित किया है।अपने संसाधनों का निवेश किया है और इसके लिए बहुत बलिदान दिया है। उनकी चुप्पी या संयम को कमजोरी नहीं समझना चाहिए। आलाकमान को सब कुछ पता है और मुझे सौ फीसदी यकीन है कि वह दिसंबर तक सीएम बन जाएंगे।