प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएँ आज गाँव-गाँव तक पहुँच रही हैं। इन योजनाओं से ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है तथा गाँव सशक्त और आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
यह बात केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर जिले की चंदेरी विधानसभा अंतर्गत ग्राम सेमरखेड़ी में आयोजित ग्राम चौपाल के दौरान कही।
अपने गुना संसदीय क्षेत्र के अशोकनगर प्रवास के दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने ग्राम चौपाल में ग्रामीणों, किसानों और महिलाओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों से सीधे बातचीत कर उनके अनुभव जाने। उन्होंने यह समझने का प्रयास किया कि सरकारी योजनाओं से ग्रामीण परिवारों के जीवन में किस प्रकार के बदलाव आए हैं और उन्हें किन सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
सिंधिया ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने और विकास की प्रक्रिया में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और प्रत्येक परिवार के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए।
*बैलगाड़ी पर सवार होकर बढ़ाया किसान का उत्साह*
ग्राम चौपाल के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया का ग्रामीण परिवेश के प्रति आत्मीय जुड़ाव भी देखने को मिला। उन्होंने एक किसान का उत्साहवर्धन करते हुए सजी-धजी बैलगाड़ी की सवारी की। रंग-बिरंगी पगड़ी पहने सिंधिया बैलगाड़ी पर खड़े होकर ग्रामीणों का अभिवादन करते नजर आए। उनके इस सहज और आत्मीय अंदाज ने ग्रामीणों के बीच उत्साह का माहौल बना दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
*ग्रामीणों से सीधा संवाद, योजनाओं के लाभ की जानकारी*
चौपाल के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने महिलाओं, किसानों और अन्य ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं, समस्याओं और अपेक्षाओं को जाना। उन्होंने लाभार्थियों से यह भी जाना कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से उन्हें किस प्रकार लाभ मिला है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रभाव किस रूप में दिखाई दे रहा है।
ग्राम चौपाल के माध्यम से केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति को समझा।