स्वदेश समाचार
ब्यूरो अशोकनगर:-
केंद्रीय मंत्री सिंधिया के तीन दिवसीय दौरे को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक तिवारी एवं पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने दी विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी।
केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के तीन दिवसीय अशोकनगर जिला प्रवास को लेकर गुरुवार को स्थानीय अशोका होटल में भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक तिवारी एवं पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने पत्रकार वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने 15 से 18 अक्टूबर तक जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, सामाजिक सम्मेलनों, विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण तथा युवा संवाद कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक तिवारी ने केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिवसीय प्रवास के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क, सामाजिक सम्मेलनों, ग्राम चौपाल, जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर क्षेत्र के विकास को गति देने के प्रयास किए जाएंगे।
वहीं पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने अशोकनगर में आयोजित होने वाले युवा संवाद कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि 17 अक्टूबर को शाम 6 बजे अशोका होटल में केंद्रीय मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान वे युवाओं के विचारों, सुझावों और अपेक्षाओं को सुनेंगे तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा करेंगे।
युवा संवाद में शामिल होने के लिए युवाओं से की अपील-
भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक तिवारी एवं पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने युवा संवाद कार्यक्रम को लेकर एक पोस्टर भी जारी किया। उन्होंने बताया कि पोस्टर पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर युवा अपना प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं और कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कर युवा संवाद कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की।
श्री जज्जी ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनके विचारों, सुझावों एवं नवाचारों से राष्ट्र निर्माण को नई दिशा मिल सकती है। युवा संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ना तथा उन्हें राष्ट्र एवं समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
पत्रकार वार्ता के माध्यम से भाजपा नेताओं ने केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित दौरे के विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए जिले में विकास, जनसंपर्क और सामाजिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों को महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डॉ हरवीर रघुवंशी,युवा संवाद कार्यक्रम के प्रभारी तिषिर ठाकुर,युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभय ठाकुर, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष तुषार खैर उपस्थित रहे।।