चीन के शेनझेन में बुधवार की रात होने वाले गाला डिनर से पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गर्मजोशी भरी मुलाक़ात देखने को मिली.
दोनों नेताओं ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मौजूदगी में हाथ मिलाया और एक-दूसरे का अभिवादन किया.
यूरोप संवाददाता लॉरा गोज़ी के मुताबिक़, क्रेमलिन की ओर से टेलीग्राम पर जारी एक वीडियो में पुतिन, ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग रेड कार्पेट पर साथ दिखाई देते हैं.
वीडियो में ट्रंप, शी जिनपिंग और उनकी पत्नी खड़े नज़र आते हैं. तभी पुतिन वहां पहुंचते हैं और ट्रंप से हाथ मिलाते हैं. इसके बाद दोनों नेता एक-दूसरे के कंधे पर हाथ रखकर भी अभिवादन करते हैं.
अगस्त 2025 में अलास्का में हुई रूस-अमेरिका शिखर बैठक के बाद यह ट्रंप और पुतिन की पहली आमने-सामने की मुलाक़ात है. ऐसे में इस मुलाक़ात को कूटनीतिक लिहाज़ से अहम माना जा रहा है.
कल दोपहर शी जिनपिंग, डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन की त्रिपक्षीय शिखर बैठक भी प्रस्तावित है. यह पहली बार होगा जब तीनों नेता एक साथ औपचारिक बैठक करेंगे.
इस बीच, राष्ट्रपति ट्रंप के साथ यात्रा कर रहीं बीबीसी की अमेरिका संवाददाता नादा तौफ़ीक का कहना है कि एशिया दौरे के दौरान ट्रंप को मिले स्वागत से वह काफ़ी संतुष्ट दिखाई दिए हैं.
उनके अनुसार, मनीला से लेकर शेनझेन तक लगभग हर पड़ाव पर ट्रंप के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया और मेज़बान देशों के नेताओं ने उन्हें ख़ास महसूस कराने की कोशिश की.
हालांकि, उनके मुताबिक़ कई नेता निजी तौर पर इस बात पर भी नज़र रखे हुए हैं कि दो साल के बाद जब ट्रंप अमेरिका में राष्ट्रपति पद से हटेंगे तो अमेरिका की राजनीति किस दिशा में जाएगी.