रावलपिंडी: ऑपरेशन सिंदूर में पिटने के बाद एक बार फिर से पाकिस्तान तुर्की के शरण में पहुंच गया है। तुर्की की वायुसेना के प्रमुख जनरल राफेत दालकिरान पाकिस्तान के दौरे पर पहुंचे हैं और उन्होंने फील्ड मार्शल असीम मुनीर और पाकिस्तानी वायुसेना प्रमुख जहीर अहमद बाबर सिद्धू से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद तुर्की ने पाकिस्तान को ड्रोन, इलेक्ट्रोनिक वारफेयर और एयरोस्पेस तकनीक में मदद देने का प्रस्ताव दिया है। इससे पहले ऑपरेशन सिंदूर में भी तुर्की ने पाकिस्तान को घातक ड्रोन की सप्लाई की थी जिसे भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया था।
तुर्की दुनिया में ड्रोन सुपर पावर कहा जाता है और उसके पास कई घातक और शक्तिशाली ड्रोन हैं। पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि असीम मुनीर के साथ मुलाकात में जनरल राफेत ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चर्चा की। साथ ही पाकिस्तान और तुर्की के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर बात हुई। दोनों पक्षों ने सेनाओं के बीच सहयोग को बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं जनरल राफेत ने पाकिस्तान के वायुसेना प्रमुख सिद्धू से भी मुलाकात की।
तुर्की से ड्रोन चाहता है पाकिस्तान
पाकिस्तान और तुर्की के वायुसेना प्रमुखों ने मानवरहित और आटोनॉमस सिस्टम, इलेक्ट्रानिक वारफेयर, एडवांस्ड एयरोस्पेस तकनीक और स्वदेशी शोध, विकास और उत्पादन को बढ़ाने पर बातचीत किया है। पाकिस्तान की वायुसेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोनों देशों की वायुसेना प्रमुखों ने रक्षा और एयरोस्पेस डोमेन में काफी ज्यादा सहयोग की संभावना पर जोर दिया है।
वहीं पाकिस्तानी वायुसेना प्रमुख ने तुर्की को यह आश्वासन दिया है कि वह पायलटों की ट्रेनिंग में पूरा सहयोग देंगे। सिद्धू ने कहा कि पाकिस्तान की वायुसेना तकनीकी आधुनिकता और मल्टी डोमेन एयरफोर्स बनने पर जोर दे रही है। यह पाकिस्तानी सेना की क्षमता को बढ़ाकर किया जा रहा है। बता दें कि पाकिस्तानी वायुसेना ने तुर्की से बायरकता श्रेणी के हमलावर ड्रोन खरीदे हैं। इसके अलावा तुर्की से पाकिस्तान विस्फोटक ड्रोन भी खरीद रहा है। पाकिस्तान को तुर्की ने कान स्टील्थ फाइटर जेट का भी ऑफर दिया है। पाकिस्तान और तुर्की दोनों ही मक्का डिफेंस पैक्ट के सदस्य देश हैं और सऊदी अरब में मिलकर काम कर रहे हैं।