नागोया (जापान): एशियन गेम्स 2026 में भारत 2 पदक जीत चुका है। दोनों सिल्वर मेडल हैं और भारत को दोनों मेडल दिलाने में एलावेनिल वलारिवन ने अहम योगदान दिया। पहले उन्होंने टीम इवेंट में अच्छा प्रदर्शन कर भारतीय महिला टीम को पदक दिलाया। इसके बाद सिंगल इवेंट में कमाल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। 27 साल की एलावेनिल वलारिवन ने सोनम मस्कर और विदर्सा कोचलुमकल के साथ मिलकर महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में देश को पहला पदक दिलाया।भारत ने टीम इवेंट में 1898 का स्कोर बनाया था और सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। वहीं, चीन की टीम ने 1904 अंक हासिल कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और गोल्ड मेडल हासिल किया। सिंगल इवेंट में एलावेनिल ने 252.4 अंक हासिल कर सिल्वर जीता। वहीं, गोल्ड जीतने वाली जापानी खिलाड़ी ने 253 अंक हासिल किए। क्वालिफाइंग इवेंट में एलावेनिल ने 633 का स्कोर बनाया था।रोक दी थी जापान की सांसें
एलावेनिल वलारिवन ने इस प्रतियोगिता के क्वालिफाइंग राउंड में भी शानदार प्रदर्शन किया था और 633 अंक हासिल किए थे। इसके बाद उन्होंने मेडल इवेंट में भी बेहतरीन शुरुआत की और लंबे समय तक गोल्ड मेडल जीतने की दावेदार थीं। वह जापानी खिलाड़ी से आगे चल रही थीं और उनकी सांसें अटका रखी थीं। हालांकि, अंत में जापानी खिलाड़ी ने दमदार वापसी की और गोल्ड मेडल जीता।टीम इवेंट में क्या हुआ?
टीम इंवेट में भारत ने कुल 1898 प्वाइंट हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, चीन की टीम ने 1904 अंक हासिल कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में पिछला बेस्ट स्कोर 1902 था, जो चीन ने 2025 एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में बनाया था। अब चीन ने अपना ही रिकॉर्ड बेहतर करते हुए गोल्ड मेडल जीता है। भारतीय महिला शूटिंग टीम ने लगातार दूसरी बार सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर, और विदरसा के विनोद की तिकड़ी ने कुल 1898 प्वाइंट हासिल किए। वहीं, चीन की जिफेई वांग, जियायु हान और युचेन डू ने 1904.2 के वर्ल्ड रिकॉर्ड एग्रीगेट स्कोर के साथ गोल्ड जीता।