बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म 'रामायणम्' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। हाल ही इसका दूसरा ट्रेलर रिलीज किया गया है। इस बीच, शनिवार शाम एक्टर का दुर्गा पूजा पंडाल में एक ऐसा रुख दिखा, जिसके बाद फैंस बलाए ले रहे हैं। रणबीर नवरात्रि के मौके पर नॉर्थ बॉम्बे सर्बोजनिन दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे थे।वहां पहले तो उन्होंने मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया। फिर उसके बाद सिंगर हर्षदीप कौर के साथ मंच पर पहुंचे। मजेदार बात यह कि 44 साल के रणबीर ने माइक हाथ में लिया और 'ये जवानी है दीवानी' का गाना 'कबीरा' गाकर सुनाया। उनका यह अंदाज देखकर वहां मौजूद लोग काफी उत्साहित नजर आए।रणबीर कपूर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक्टर को हर्षदीप कौर के साथ गाना गाते और वहां मौजूद लोगों को भी इसमें शामिल करते दिख रहे हैं। इस मौके पर अयान मुखर्जी भी उनके साथ थे। सोशल मीडिया पर भी खूब तारीफ हो रही है।दुर्गा पूजा पंडाल में रणबीर कपूर ने गाया 'कबीरा'
रणबीर कपूर शनिवार शाम मुंबई के 'नॉर्थ बॉम्बे सर्बोजनिन दुर्गा पूजा' पंडाल पहुंचे थे। मुखर्जी-समर्थ परिवार की ओर से करीब आठ दशकों से आयोजित किए जा रहे इस दुर्गा पूजा समारोह में रणबीर लाल और सुनहरे रंग के कुर्ते के साथ सफेद पजामे में नजर आए। उन्होंने मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया और वहां मौजूद लोगों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान उन्होंने अपने फिल्ममेकर दोस्त अयान मुखर्जी और दूसरे मेहमानों से भी मुलाकात की। हालांकि, इस शाम की सबसे ज्यादा चर्चा रणबीर की सिंगिंग को लेकर हुई। कुछ वीडियो में वह हाथ में माइक लिए मंच पर खड़े नजर आए, जहां हर्षदीप कौर 'कबीरा' गा रही थीं। रणबीर भी उनके साथ गाने लगे और बीच-बीच में माइक दर्शकों की तरफ करके उन्हें भी गाने में शामिल करते दिखे। गाना खत्म होने के बाद हर्षदीप ने वहां मौजूद लोगों से रणबीर की परफॉर्मेंस के लिए तालियां बजाने को कहा।रणबीर की परफॉर्मेंस ने फैंस को दिलाई 'ये जवानी है दीवानी' की याद
रणबीर कपूर की इस परफॉर्मेंस का वीडियो सामने आने के बाद फैंस सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। कई लोगों ने फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' के GIF शेयर किए, तो कुछ ने रणबीर के लुक की तारीफ की। एक फैन ने कमेंट किया, 'हे भगवान, वह यहां बहुत ही ज्यादा हैंडसम लग रहे हैं।' वहीं, एक दूसरे फैन ने लिखा, 'ओह, मुझे एकदम से पुरानी यादें ताजा हो गईं।' एक अन्य यूजर ने हार्ट-आई इमोजी के साथ इसे बेहद प्यारा पल बताया। कई दूसरे फैंस ने भी वीडियो पर हार्ट और हार्ट-आई इमोजी के जरिए अपना प्यार जताया। रणबीर और हर्षदीप की इस परफॉर्मेंस ने एक बार फिर 'कबीरा' को लेकर फैंस की पुरानी यादें ताजा कर दीं।रणबीर कपूर की पिछली फिल्में
रणबीर कपूर आखिरी बार साल 2023 में रिलीज हुई फिल्मों 'तू झूठी मैं मक्कार' और 'एनिमल' में नजर आए थे। दोनों ही फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। खास तौर पर संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'एनिमल' में रणविजय सिंह के किरदार में रणबीर ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। फिल्म में उनके एक्शन और दमदार अभिनय की खूब चर्चा हुई थी।'रामायणम्' में भगवान राम बनेंगे रणबीर कपूर
रणबीर कपूर जल्द ही नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायणम्' में नजर आएंगे। इस फिल्म में वह भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है। इसकी रिलीज 5 नवंबर को दिवाली के मौके पर तय बताई गई है, जबकि इसका दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में रिलीज होने की योजना है।
'लव एंड वॉर' में आलिया और विक्की के साथ आएंगे नजर
'रामायणम्' के अलावा रणबीर कपूर संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' में भी नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म से रणबीर का पहला लुक भी सामने आ चुका है, जिसके बाद से फैंस इसकी रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म जनवरी 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।