
यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी शामिल होंगे। आयोजन समिति के अनुसार, यात्रा में शामिल होने के लिए अब तक करीब 50 हजार वाहनों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। यात्रा मार्ग पर 1100 से अधिक स्थानों पर नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं की ओर से स्वागत किया जाएगा।
यात्रा की तैयारियों को लेकर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ मंगलवार को यात्रा के प्रारंभ स्थल और मार्ग का निरीक्षण किया। टीम मदर टेरेसा स्कूल के सामने पहुंची, जहां मुख्य मंच बनाया जाएगा।
अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बारिश की संभावना को देखते हुए विधायक ने अधिकारियों और आयोजन समिति को व्यवस्थाएं उसी अनुसार करने के निर्देश दिए, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
चुना भट्टी समेत कई जगह सेल्फी पॉइंट
तिरंगा यात्रा के साथ इस बार सामाजिक संदेशों को भी जोड़ा गया है। भोपाल के चुना भट्टी चौराहे सहित कई स्थानों पर सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। इनमें ‘Gen-Z Against Addiction’ और ‘नशा मुक्त युवा’ जैसे संदेश दिए जा रहे हैं। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं के साथ इन सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी लेकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
हर साल बढ़ती जा रही यात्रा की भव्यता
‘कर्मश्री’ की ओर से अखंड भारत स्मृति दिवस के अवसर पर हर साल यह तिरंगा यात्रा निकाली जाती है। आयोजकों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से प्रेरित इस यात्रा में हर साल बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होते हैं। यात्रा मार्ग पर स्थानीय नागरिकों की ओर से मंच लगाकर यात्रियों का स्वागत किया जाता है।
विधायक रामेश्वर शर्मा का कहना है कि इस वर्ष नागरिकों में तिरंगा यात्रा को लेकर अभूतपूर्व उत्साह है। पंजीयन की संख्या और तैयारियों को देखते हुए इस बार की यात्रा पहले के सभी रिकॉर्ड तोड़ने वाली होगी। उनका दावा है कि 14 अगस्त को भोपाल की सड़कों पर तिरंगों का ऐसा महासैलाब दिखाई देगा, जिसकी चर्चा देशभर में होगी।