सैमसंग और शाओमी ने अपने चुनिंदा स्मार्टफोन्स की कीमतों में 4,000 रुपये तक की बढोतरी कर दी है। सैमसंग के ए और एफ सीरीज के फोन्स महंगे हो गए हैं। साथ ही, रेडमी के बजट रेंज वाले फोन भी अब ज्यादा दाम में मिलेंगे। वहीं, दूसरी तरफ भारतीय ब्रांड HAMMER ने मात्र 1,099 रुपये में नया पोर्टेबल साउंडबार लॉन्च किया है। इसके अलावा, सैमसंग के अपकमिंग फोल्डेबल फोन्स और AI प्रोडक्ट्स ने CES इनोवेशन अवार्ड्स 2027 में बड़ी कामयाबी हासिल कर सुर्खियां बटोरी हैं। आइये, डिटेल में जानते हैं।
4000 रुपये तक महंगे हो गए हैं सैमसंग और शाओमी के फोन
सैमसंग और शाओमी ने भारत में अपने चुनिंदा स्मार्टफोन्स की कीमतों में 1,000 से लेकर 4,000 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। 16 नवंबर 2026 से लागू हुई इन नई कीमतों का असर सैमसंग की गैलेक्सी A और F सीरीज और शाओमी की Redmi सीरीज के कुल 41 वेरिएंट्स पर पड़ा है, जिसमें Samsung Galaxy A07 5G अब 22,999 और एंट्री-लेवल Redmi A7 14,999 का हो गया है।
1,099 रुपये में आया साउंडबार
HAMMER ने 1,099 रुपये में अपना नया पोर्टेबल वायरलेस ब्लूटूथ साउंडबार Beatbox 2 लॉन्च किया है, जो कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट सहित अमेजन, फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट और इंस्टामार्ट पर बिक्री के लिए उपलब्ध है।
इसमें डुअल 52mm ड्राइवर्स के साथ 20W RMS आउटपुट, ब्लूटूथ v6.0 कनेक्टिविटी, TWS पेयरिंग सपोर्ट और हैंड्स-फ्री कॉलिंग के लिए इन-बिल्ट माइक्रोफोन दिया गया है।
600 ग्राम वजन वाले इस साउंडबार में पानी के छींटों से बचाव के लिए IPX4 रेटिंग, मल्टीपल प्लेबैक मोड्स तथा टाइप-C चार्जिंग के साथ 2000mAh की बैटरी मिलती है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 6 घंटे तक का प्लेबैक टाइम देती है।
सैमसंग के इन फोन्स को मिला अवॉर्ड
सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने CES इनोवेशन अवार्ड्स 2027 में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले साल की तुलना में दोगुने बेस्ट ऑफ इनोवेशन रिवॉर्ड अपने नाम किए हैं।
कंपनी के अपकमिंग फोल्डेबल स्मार्टफोन Galaxy Z Fold8 Ultra और Galaxy Z Fold8 को मोबाइल कैटेगरी में टॉप में जगह मिली है।
इसके अलावा, सैमसंग के AI पावर्ड Bespoke AI लॉन्ड्री कॉम्बो, इंडस्ट्री के पहले ऑन-डिवाइस AI स्टोरेज सॉल्यूशन UFS 5.0 (10.8GBps स्पीड) और एडवांस सेमीकंडक्टर मेमोरी मॉड्यूल को भी अवॉर्ड दिया गया है, जिन्हें 6 से 9 जनवरी 2027 तक लास वेगास में होने वाले CES इवेंट में पेश किया जाएगा।