वैभव सूर्यवंशी राइजिंग स्टार्स एशिया कप में शुरुआती दो मैचों में जल्दी आउट होने के बाद निराश थे। ऐसे में उनके बचपन के कोच मनीष ओझा ने सचिन तेंदुलकर का उदाहरण देकर उनका मनोबल बढ़ाया था।

ओझा ने भास्कर को बताया कि वैभव ने मुझे फोन किया था। वह काफी परेशान था। मैंने उनसे कहा 'पॉजिटिव रहिए, सचिन जैसे महान खिलाड़ी के करियर में भी उतार-चढ़ाव आए थे।

आगे 5 सवालों के जवाब में पढ़िए वैभव के कोच ने क्या कहा


सवाल-1: वैभव रन नहीं बना पाने से परेशान थे। क्या इसको लेकर आपसे कुछ कहा था?

नेपाल के खिलाफ मैच के बाद वैभव का फोन आया था। वे निराश थे, क्योंकि वे 32 गेंदों पर 26 रन ही बना पाए थे। पाकिस्तान-A के खिलाफ भी वे 13 गेंदों पर 11 रन ही बना पाए। लगातार रन नहीं बनने से उनका मन थोड़ा भटक रहा था। उन्हें लग रहा था कि आखिर उनके साथ क्या हो रहा है।

सवाल 2: आपने वैभव को क्या समझाया?

मैंने वैभव को सचिन तेंदुलकर का उदाहरण दिया। उनसे कहा कि क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के करियर में भी कई उतार-चढ़ाव आए हैं। ऐसा नहीं है कि वे हर मैच में 50 या 100 रन बनाते थे।

अच्छे खिलाड़ियों के जीवन में भी ऐसा समय आता है, जब रन नहीं बनते। दो-तीन पारियों में निराश होने की जरूरत नहीं है। अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखिए।


सवाल 3: आपने वैभव को बल्लेबाजी के लिए क्या सलाह दी थी? मैंने वैभव से कुछ बातों का ध्यान रखने के लिए कहा था। इनमें…

  • जब भी बैटिंग करने जाओ, तो जल्दबाजी मत करो।

  • कुछ गेंदें खेलकर पिच और गेंदबाज को समझने की कोशिश करो।

  • क्रीज पर सेट होने के बाद अपने शॉट खेलना शुरू करो।

  • पारी को लंबा खींचने और मैच को अंत तक ले जाने के बारे में सोचो।

  • सिचुएशंस के अनुसार अपना नेचुरल गेम खेलें। खुद पर भरोसा रखो दबाव मत लो।

सवाल 4: सबसे तेज दोहरा शतक लगाने के बाद वैभव ने आपसे क्या कहा?

वैभव ने कहा था- उन्होंने एक-दो गेंदें खेलीं और पिच को समझने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें महसूस हुआ कि गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आ रही है। बैटिंग करने में आसानी हो रही है। फिर उन्होंने अपने स्वाभाविक अंदाज में शॉट खेलने शुरू किए। वैभव ने बताया कि जब भी उन्हें खराब गेंद मिली, उन्होंने उसे बाउंड्री के पार पहुंचाने की कोशिश की।

वैभव ने परिस्थितियों को समझकर अपने खेल पर भरोसा किया और उसी के अनुसार बल्लेबाजी की।

सवाल 5: वैभव की इस पारी को आप किस तरह देखते हैं? क्या उनमें तीनों फॉर्मेट में खेलने की क्षमता है?

वैभव में तीनों फॉर्मेट में खेलने की क्षमता है। उन्होंने टी-20 फॉर्मेट में खुद को साबित किया है। सबसे अच्छी बात यह है कि वह फॉर्मेट और परिस्थितियों के हिसाब से अपनी बल्लेबाजी का अंदाज बदल सकते हैं।

लंबे फॉर्मेट में उन्हें पारी को समय देना आता है और छोटे फॉर्मेट में वह आक्रामक बल्लेबाजी कर सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में वह तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए खेलेंगे।