नई दिल्ली: भारत के दामन पर बरसों से सबसे बड़े हथियार खरीदार का दाग लगा हुआ है। आजादी के 79 साल बाद भी हम दुनिया में सबसे ज्यादा डिफेंस इंपोर्ट करने वाले देशों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। लेकिन अब भारत इस दाग को मिटना चाहता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा है कि भारत एक बड़े हथियार एक्सपोर्टर के रूप में उभरकर सामने आना चाहता है। उन्होंने ये बात ऐसे समय कही है, जब एक महीने के अंदर भारत अपने 'एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट' (AMCA) प्रोजेक्ट के विजेता का ऐलान करने वाला है।

डिफेंस सेक्रेटरी ने कहा कि भारत एक महीने के अंदर ये बता देगा कि उसके AMCA प्रोग्राम को कौन डेवलप करेगा। ये ऐलान इसलिए बेहद खास है, क्योंकि इस प्रोजेक्ट के लिए TATA, भारत फोर्ज और L&T जैसी दिग्गज कंपनियां कतार में खड़ी हुई हैं। फिक्की (FICCI) के वार्षिक सम्मेलन में रक्षा सचिव ने कहा कि बोली जीतने वाली कंपनी प्राइवेट क्षेत्र की होगी या फिर प्राइवेट कंपनी के नेतृत्व वाला ऐसा ग्रुप होगा, जो पब्लिक सेक्टर की किसी कंपनी के साथ पार्टनरशिप करेगा।
मिलिट्री एविएशन के लिए गेम चेंजर

भारत का AMCA प्रोग्राम प्राइवेट सेक्टर की लीडरशिप वाली पहली प्रोडक्शन लाइन होगी। शुरुआत में यह देश में फाइटर जेस्ट के लिए एक प्रोटोटाइप प्रोडक्शन लाइन होगी। हमें उम्मीद है कि यह हमारे पूरे मिलिट्री एविएशन इंडस्ट्री के लिए एक 'गेम चेंजर' साबित होगा।

राजेश कुमार सिंह, रक्षा सचिव, भारत सरकार

आत्मनिर्भरता के साथ बढ़ने का मौका

राजेश कुमार सिंह ने आगे कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध (World War II) के बाद से वर्तमान में दुनिया के अंदर संघर्ष चरम पर है। कई देश फिर से हथियारों से लैस हो रहे हैं। ऐसे में हमारे पास देश के अंदर एक बड़ा और विविध रक्षा औद्योगिक आधार बनाकर 'आत्मनिर्भरता' के रास्ते पर आगे बढ़ने का मौका है।
50 हजार करोड़ रुपये का एक्सपोर्ट

राजेश सिंह ने यह भी संकेत दिया कि भारत अपना 50,000 करोड़ रुपये का डिफेंस एक्सपोर्ट टारगेट तय समय से एक साल देरी से हासिल कर सकता है। भारत अभी आर्टिलरी गन से लेकर बुलेटप्रूफ जैकेट तक एक्सपोर्ट करता है। हम ऐसी तकनीकें बना रहे हैं या ऐसे प्लेटफॉर्म और हथियार उपलब्ध करा रहे हैं, जिन्हें अत्याधुनिक माना जाता है।

इन 3 ग्रुप्स ने लगाई है AMCA के लिए बोली

  • टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड।

  • L&T के नेतृत्व वाला कंसोर्टियम, जिसमें BEL और डायनामेटिक शामिल हैं।

  • भारत फोर्ज के नेतृत्व वाला कंसोर्टियम, जिसमें BEML और डेटा पैटर्न्स शामिल हैं।

  • AMCA प्रोग्राम डेवलप करने वाला ये प्रोग्राम 15,000 करोड़ रुपये का है।

डिफेंस फील्ड में कहां खड़ा है भारत

  1. भारक का डिफेंस प्रोडक्शन साल 2014-15 में 46,429 करोड़ रुपये था, जो साल 2025-26 में बढ़कर 1.78 लाख करोड़ रुपये हो गया है।

  2. डिफेंस एक्सपोर्ट भी बढ़ा है। 2013-14 में भारत ने 686 करोड़ रुपये का एक्सपोर्ट किया था, जो 2025-26 में बढ़कर 38,424 करोड़ रुपये हो गया है।

  3. वर्तमान समय में भारत 80 से ज्यादा देशों को डिफेंस के आइटम एक्सपोर्ट करता है। इनमें आर्मेनिया, फिलीपींस, इंडोनेशिया जैसे बड़े देश भी शामिल हैं।