विचेंजा (इटली)/ नई दिल्लीः इटली में सोनिया गांधी का पुस्तैनी मकान खरीदने वाले सुखदेव सिंह कांग को उम्मीद है कि कांग्रेस संसदीय दल की नेता एक न एक दिन जरूर आएंगी और इस घर में कदम रखेंगी। उन्होंने सोनिया गांधी से अपील की है कि वह परिवार सहित इटली आएं और अपने घर में चरण रखें। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी जब भी इटली आएंगी, वह उनके घर की चाबी उन्हें सौंप देंगे।
पंजाब के सिख परिवार ने संजोई सोनिया गांधी की विरासत
असल में, इटली के विचेंजा प्रांच में लुजियाना गांव स्थित कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के पैतृक घर की देखरेख अब सुखदेव सिंह का परिवार कर रहा है।1992 से इटली में रहने वाले सुखदेव सिंह पंजाब के होशियारपुर जिले के जहूरा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें इटली के एक व्यक्ति ने सोनिया गांधी का घर दिखाया था। सुखदेव सिंह ने 2020 में गुरु नानक देव जी के गुरुपर्व के आसपास यह तीन मंजिला घर खरीदा था। उनका परिवार इस ऐतिहासिक घर का कमर्शियल इस्तेमाल करने के बजाय 'सोनिया गांधी म्यूजियम' के रूप में विकसित कर रहा है, ताकि उनकी बचपन से लेकर अब तक की यादों को सहेजा जा सके।
संयोग से खरीदा सोनिया गांधी का घरः सुखदेव सिंह कांग
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचती करते हुए सुखदेव सिंह कांग ने कहा कि इटली के विचेंजा के वेनेता में सोनिया गांधी का घर है जिसे उन्होंने 2020 में कोरोना काल में संयोग से खरीदा था। उन्होंने बताया कि...
2020 में लॉकडाउन के बाद इटली में स्थानीय कृषि विभाग के एक अधिकारी के साथ लंच के बाद लौटते समय रास्ते में एक एक्सिडेंट के कारण हमें रास्ता बदलना पड़ा। उसी दौरान अधिकारी ने मुझे सोनिया गांधी का पैतृक घर दिखाया। घर की आभा से प्रभावित होकर मैंने वहां रह रहे रिश्तेदारों से संपर्क किया। संयोगवश, घर के तत्कालीन मालिक भी इसे किसी भारतीय या सिख परिवार को ही सौंपना चाहते थे, जो इसकी गरिमा और सोनिया माइनो (सोनिया गांधी) की यादों को जीवित रख सके।
सुखदेव सिंह कांग, जिन्होंने सोनिया गांधी का घर खरीदा है
सुखदेव सिंह कांग की गांधी परिवार से अपील-घर आएं
सुखदेव सिंह कांग ने मीडिया के माध्यम से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से अपील की है कि वे एक बार अपने इस पैतृक घर में जरूर आएं।
यह घर कल भी उन्हीं (सोनिया गांधी) का था और आज भी उन्हीं का है। हम तो केवल सेवादार हैं।
सुखदेव सिंह कांग
पंजाब के रहने वाले सुखदेव सिंह ने कहा, 'वे जब भी आएंगे, हम इस घर की चाबियां उन्हें सौंप देंगे।' उम्मीद जताई कि गांधी परिवार इस म्यूजियम के लिए सोनिया गांधी के जीवन से जुड़ी स्मृतियां भेंट कर सहयोग करेगा।
हमें यकीन है कि वह मैडम जी परिवार समेत अपने घर में चरण डालेंगी, महसूस करेंगी जिस घर में जन्म हुआ। वह घर कल भी उनका था, आज भी उनका है। यह तो एक सिख परिवार सेवाएं निभा रहा है और हम तो वहां उन्हें याद करते हैं। अब दिसंबर में उनका जन्मदिन आना है। काफी बड़े जमावड़े में वहां उनका केक काटा जाता है। पिछले साल सुखमनी साहब का पाठ हुआ था और इस बार भी देखते हैं कोई बढ़िया प्रोग्राम वहां करेंगे।
सुखदेव सिंह कांग, सोनिया गांधी के पुस्तैनी घर के मालिक
सोनिया गांधी के घर 'इंडियन हाउस' के नाम से नई पहचान
घर खरीदने के बाद सुखदेव सिंह कांग ने इसके बाहर 'इंडियन हाउस' का बोर्ड लगाया है। उन्होंने कहा कि इस घर से उनका कोई व्यावसायिक हित नहीं जुड़ा है। उनके परिवार का कोई भी सदस्य इस घर में नहीं रहता है; इसकी साफ-सफाई और देखरेख के लिए एक स्थानीय केयरटेकर नियुक्त की गई है और सभी टैक्स का भुगतान वह खुद करते हैं।
गांव में हर साल मनता है सोनिया गांधी का जन्मदिन
सुखदेव सिंह का कहना है कि लुजियाना गांव के निवासियों और स्थानीय मेयर को सोनिया गांधी से गहरा लगाव है। हर साल दिसंबर में गांव के लोग बड़े स्तर पर इस घर में सोनिया गांधी का जन्मदिन मनाते हैं और केक काटते हैं। पिछले वर्ष यहां श्री सुखमनी साहिब का पाठ भी करवाया गया था। सुखदेव सिंह ने बताया कि केरल सहित भारत के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पर्यटक भी इस घर को देखने और तस्वीरें लेने पहुंचते हैं।