तमिल सिनेमा के मशहूर एक्टर और म्यूजिक डायरेक्टर विजय एंटनी के बारे में उनकी पत्नी फातिमा ने एक बेहद भावुक खुलासा किया है। 51 साल के विजय एंटनी बीते कई साल से अक्सर बिना चप्प्ल-जूते के नजर आते हैं। यह बात उनके चाहने वालों के साथ ही बाकी लोगों के लिए हैरान करने वाली रही है। हालांकि, कभी विजय ने खुद इस बारे में कुछ नहीं कहा। लेकिन अब उनकी निर्माता पत्नी फातिमा विजय एंटनी ने इसकी वजह बताई है। यह कारण बेहद भावुक है, क्योंकि यह उनकी दिवंगत बेटी से जुड़ा है, जिसकी तीन साल पहले मौत हो गई थी।
डायरेक्टर मारन की अपकमिंग फिल्म 'अप्पा कुट्टी' के प्री-रिलीज इवेंट में फातिमा भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि उनके पति ने जूते-चप्पल पहनना क्यों छोड़ दिया है। फातिमा ने कहा कि इसकी वजह उनकी बड़ी बेटी मीरा की मौत से जुड़ा है। फातिमा खुद भी बेटी के निधन के बाद पहली बार मीडिया के सामने आईं।
बेटी के निधन के बाद विजय एंटनी ने खाई कसम
फातिम विजय एंटनी ने कहा, 'किसी को नहीं पता कि विजय एंटनी जूते-चप्पल क्यों नहीं पहनते। आज मैं इसका कारण बताती हूं। मेरी बेटी के पास कई जोड़ी जूते-चप्पल थे। मैंने उसे अमेरिका, लंदन जैसी अलग-अलग जगहों से खरीदा था, क्योंकि वह कॉलेज जाने वाली थी। वे सब आज भी वैसे ही रखे हैं। मीरा के निधन के बाद जब विजय ने बेटी के चप्पल-जूतों का कलेक्शन देखा, तो वह भावुक हो गए। उन्होंने कसम खाई कि वे जीवनभर कभी जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे।'
फातिमा बोलीं- अब सिर्फ कॉन्सर्ट में ही जूते-चप्पल पहनते हैं
फातिमा ने आगे कहा, 'वे सिर्फ कॉन्सर्ट में जाने पर ही जूते-चप्पल पहनते हैं, क्योंकि तब उनके पास कोई और विकल्प नहीं होता। जब हम लंदन, पेरिस, सिंगापुर और मलेशिया में कॉन्सर्ट के लिए गए थे, तब उन्होंने जूते-चप्पल पहने थे। लेकिन कॉन्सर्ट खत्म होते ही उन्होंने उन्हें तुरंत उतार दिया।'
विजय ने लग्जरी घड़ियां भी छोड़ी, सिर्फ बेटी की घड़ी पहनते हैं
चेन्नई के इवेंट में फातिमा ने पति विजय एंटनी के बारे में और भी कई खुलासे किए। बताया कि सिर्फ चप्पल-जूते ही नहीं, विजय ने सभी महंगी घड़ियां (जैसे राडो और रोलेक्स) छोड़ दी हैं। अब वे केवल वही घड़ी पहनते हैं जो उनकी बेटी के निधन के समय उसके हाथ में थी। फातिमा ने बताया, 'यह घड़ी मैंने अपनी बेटी के लिए खरीदी थी, क्योंकि उसे यह चाहिए थी। इसकी कीमत 4000 रुपये थी और अब वे बस यही एक घड़ी पहनते हैं।'
विजय एंटनी और फातिमा की बेटी ने 2023 में की थी आत्महत्या
विजय एंटनी और फातिमा बड़ी बेटी मीरा ने 19 सितंबर 2023 को चेन्नई स्थित अपने घर पर 16 साल की उम्र में आत्महत्या कर ली थी। उनकी एक छोटी बेटी लारा है। विजय का असली नाम फ्रांसिस एंटनी सिरिल राजा है। उन्होंने 2005 में 'सुकरां' फिल्म के साथ संगीतकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने कॉलीवुड में 2012 में रिलीज 'नान' फिल्म से एक्टिंग डेब्यू किया। वह 'सलीम' (2014) और 'पिचैक्कारन' (2016) जैसी सुपरहिट एक्शन-थ्रिलर फिल्मों में अपनी भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं।
'अप्पा कुट्टी' मूवी रिलीज डेट और कास्ट
फिल्म 'अप्पा कुट्टी' की बात करें तो यह एक एक्शन फैमिली ड्रामा है। इसमें भावनाओं, रिश्तों और कुछ बेहद गंभीर पलों को बहुत खूबसूरती से पिरोया गया है, जो एक पिता और उसकी बेटी के बीच के गहरे रिश्ते को दर्शाते हैं। फिल्म में विजय एंटनी के साथ प्रीति असरानी लीड रोल में हैं। बाकी कलाकारों में लिथान्या, भगवती पेरुमल, हरिप्रिया इसाई, अरुवी मदन, चित्रा लक्ष्मणन, श्रीजा रवि, वेट्टई मुथुकुमार, जेनसन दिवाकर, मुरुगानंदम, मुन्नार रमेश, लिसी एंटनी, कुमार नटराजन, विजयन, प्रवीणा, हरिथा और हरिप्रिया शामिल हैं। 'अप्पा कुट्टी' इसी शुक्रवार 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।