
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर बड़ा संकेत देते हुए कहा है कि सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक जल्द होगी। समिति की अनुशंसाओं के आधार पर समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक को आगामी शीतकालीन सत्र में पारित कराने की दिशा में सरकार आगे बढ़ेगी।
कर्नाटक दौरे पर रवाना होने से पहले रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से काम कर रही है और समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में लाने की तैयारी है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने रायपुर में कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती।
भाजपा के प्रदर्शन के दौरान हुई पत्थरबाजी की घटना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "कांग्रेसी कश्मीर की तरह पत्थरबाजी पर उतर आए हैं। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन हिंसा और पत्थरबाजी स्वीकार्य नहीं है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।