
झांसी । समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि यहां बढ़ते अपराधों पर योगी सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। प्रदेश में अपराध को रोकने में सरकार नाकामयाब है, लेकिन अगर किसी पीड़ित के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त करने पर पुरजोर तरीके से रोकने में पूरा अमला खड़ा हो जाता है। भाजपा सरकार सभी मोर्चों पर फेल है, और इनके पास अपनी एक भी उपलब्धि गिनवाने के लिए नहीं है, यह केवल पहले की सपा सरकार के विकास कार्यों का मात्र उद्घाटन करने का काम कर रहे हैं और अपनी पीठ थपथपा रहे हैं।
उन्होंने मोदी सरकार व प्रदेश की भाजपा सरकार को किसान और श्रमिक विरोधी बताकर कहा कि भाजपा 2014, 2017 और 2019 में बड़े-बड़े नारों के सहारे सत्ता में आई थी लेकिन अपने वायदों को निभाने में असफल रही। उत्तर प्रदेश सरकार में लगातार बढ़ रहे अपराध चिंता का विषय बने हुए हैं। यह मैं नहीं कह रहा हूं, क्राइम ब्यूरो रिपोर्ट ने यह माना है कि यूपी में अपराध बहुत तेजी से बढ़े है।