नई दिल्ली: यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस अजीब स्थिति में फंस गई है। उसे लगा था कि समाजवादी पार्टी पर उसका दबाव काम आएगा और वह ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ सकेगी। लेकिन, सपा ने उसके दबाव में आने से इनकार कर दिया है। अखिलेश यादव की ओर से पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा से बात और बिगड़ चुकी है। ऐसे में शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कांग्रेस से कहा है कि वह यूपी में भी विपक्ष का हाल बिहार और महाराष्ट्र की तरह न करे।
प्रियंका चतुर्वेदी ने दी मिलकर लड़ने की सलाह
यूपी विधानसभा चुनाव 2017 में गठबंधन में चुनाव लड़ने को लेकर कांग्रेस और सपा में खूब घमासान हो रहा है। सपा ने उसे 26 सीटें देने का एलान किया है, लेकिन कांग्रेस कह रही है कि तीन अंकों से कम पर बात नहीं बनेगी। इंडिया ब्लॉक के दोनों बड़े सहयोगियों में ठनी इस लड़ाई पर उद्धव ठाकरे की पार्टी ने कांग्रेस को आईना दिखाने की कोशिश की है और कहा है कि उसे जमीनी स्थिति को समझना चाहिए।
प्रदेश चुनावों को जीतने के लिए लड़िए, न कि किसे कितनी सीट मिले इसके लिए। यूपी में अभी सपा बीजेपी की मुख्य प्रतिद्वंद्वी है और सभी इंडिया दलों को उसे मजबूत करने के लिए अपना सबसे बेहतर देना चाहिए, न कि दी जा रही सीटों को लेकर दुश्मनी करने के लिए।
प्रियंका चतुर्वेदी, पूर्व सांसद, शिवसेना (यूबीटी)
सपा ने कांग्रेस को दिया है 26 सीटों का ऑफर
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटें हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की बातचीत के बाद अखिलेश यादव की पार्टी ने केंद्र में अपनी बड़ी सहयोगी को 26 सीटों का ऑफर दिया है। इनमें से दो सीटें कांग्रेस ने 2022 में जीती थीं और चार पर वह दूसरे नंबर पर रही थी। बाकी 20 उसने इसके अलावा ऑफर किए हैं।
पांच उम्मीदवार घोषित करने से कांग्रेस नाराज
कांग्रेस यूपी में पहले से 181 सीटों पर दावा ठोक रही है।
ऊपर से सपा ने पांच सीटों पर जो एकतरफा उम्मीदवार घोषित किए हैं, उसने कांग्रेस को और भी ज्यादा बौना महसूस कराया है।
कांग्रेस का कहना है कि इससे बीजेपी को फायदा मिलेगा।
अलबत्ता सपा का तर्क है कि जिन पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं, उनमें से 4 पर उसके सीटिंग एमएलए हैं और सिर्फ ललितपुर की सीट ने ही उसने अतिरिक्त लिए हैं, जो अभी बीजेपी के पास है।
बिहार-महाराष्ट्र में हार के लिए भी कांग्रेस पर तंज
प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने एक्स पोस्ट के साथ जो वीडियो शेयर किया है, उसमें वह इशारे में बिहार और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में विपक्ष की करारी हार के लिए भी कांग्रेस की इसी तरह की कथित जिद का दावा कर रही हैं।
यूपी में 2022 में कैसा रहा सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन
2022 में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन नहीं हुआ था।
कांग्रेस पार्टी ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा, 2 सीटें जीतीं, 2.33% वोट मिले और 387 सीटों पर इसकी जमानतें जब्त हो गईं।
समाजवादी पार्टी 347 सीटों पर लड़ी, 111 सीटें जीतीं, 32.06% वोट मिले और 6 सीटों पर इसकी भी जमानत जब्त हो गई।