CJP नेता सौरव दास ने विदेश जाने से रोकने के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है। सरकारी एजेंसियों की ओर से विदेश जाने से रोके जाने के फैसले के खिलाफ सौरव दास ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है।

सौरव दास के वकील ने आज ही मामले की अर्जेंट सुनवाई की मांग की। वकील ने कोर्ट को बताया कि उनकी फ्लाइट कल शाम की है, इसलिए मामले को आज ही सुना जाए। इस पर एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन सांब्रे ने कहा कि मामले की सुनवाई कल होगी।

दिल्ली हाई कोर्ट ने सौरव दास की अर्जी पर आज सुनवाई करने से इनकार कर दिया।

सौरव से जुड़े मामले में मद्रास हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को एक नोटिस जारी किया

इससे पहले सौरव दास को लेकर एक चौंकाने वाला दावा किया गया था, जिसके बाद मद्रास हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को एक नोटिस जारी किया था। यह नोटिस सौरव दास की नागरिकता की जांच और उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक करने की मांग वाली एक याचिका पर दिया गया था। ऐसे में ये सवाल उठा था कि क्या सौरव दास नेपाली हैं?

याचिका को कांचीपुरम जिले के एक व्यवसायी गणेश कुमार ने दायर किया था, जिसमें उन्होंने मांग की कि केंद्रीय गृह मंत्रालय को 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के राष्ट्रीय सह-संयोजक योगेश शर्मा उर्फ 'सौरव दास' और उनके माता-पिता की पृष्ठभूमि और अन्य विवरणों की तुरंत एक विस्तृत, गहन और निष्पक्ष जांच करने का निर्देश दिया जाए। याचिका में गणेश कुमार ने कहा है कि कथित तौर पर दास का मूल नेपाल से जुड़ा है, और इस बात की जांच होनी चाहिए। अगर यह सच साबित होता है, तो उन्हें हमारी सरकार और हमारी न्यायपालिका के बारे में उपदेश देने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने दास पर न्यायपालिका के प्रति "अपमानजनक भाषा" इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया था।

इससे पहले खबर सामने आई थी कि दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के सौरव दास और आशुतोष रांका समेत अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है। इसके पीछे की वजह भी सामने आई थी। दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास, आशुतोष रांका और पार्टी के अन्य सदस्यों के खिलाफ बिना इजाजत जंतर-मंतर इलाके में घुसने के आरोप में FIR दर्ज की थी।