
नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता करने वाले श्रीकांत त्यागी पर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। त्यागी का ओमेक्स सोसाइटी में अवैध निर्माण है। सोमवार सुबह प्रशासन बुलडोजर लेकर यहां पहुंचा और अवैध निर्माण तोड़ना शुरू कर दिया। त्यागी ने फ्लैट में जाने के लिए सोसाइटी के बेसमेंट से सीढ़ी बनवा रखी थी। टीम ने उसे भी तोड़ दिया है।
रविवार रात ही त्यागी के 15 गुर्गे सोसाइटी में घुस आए थे। उन्होंने यहां लोगों पर पत्थरबाजी की और मारपीट की। इससे पहले श्रीकांत त्यागी ने सोसाइटी की एक महिला और उसके पति को गालियां दी थीं। त्यागी की गिरफ्तारी के लिए STF और पुलिस की 12 टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस को श्रीकांत त्यागी की लास्ट लोकेशन हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच मिली है। उसका करीब 10 बार फोन ऑन-ऑफ हुआ है। वह हरिद्वार में एक जगह CCTV में भी कैद हुआ है। घटना के बाद नोएडा पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने थाना फेस-2 के प्रभारी सुजीत उपाध्याय को सस्पेंड कर दिया। उनकी जगह परम हंस तिवारी को लाया गया। फरार श्रीकांत त्यागी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। इसके अलावा आरोपी नेता की संपत्ति भी कुर्क की जाएगी।