
नई दिल्ली । दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दिल्ली सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि दिल्ली सरकार की एक और नाकामी सबके सामने है। दिल्ली सरकार की मनमानी से तंग आकर दिल्ली विश्वविद्यालय कार्यकारी परिषद ने दिल्ली सरकार के अनुमोदित 12 कॉलेजों को दिल्ली विश्वविद्यालय के अधीन लाने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। यह दिल्ली सरकार की विफलता को दर्शाता है। जब दिल्ली सरकार कॉलेजों को ही नहीं चला सकती तो उसे सत्ता में भी रहने का कोई अधिकार नहीं है। दिल्ली सरकार सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करना और अपनी नाकामियों का दोष दूसरों पर मढ़ना जानती है। यही दिल्ली सरकार की असली पहचान है। गुप्ता का कहना है दिल्ली सरकार दिल्ली शिक्षा मॉडल को लेकर बड़े-बड़े दावे करती रहती है। एक-दो स्कूलों की तस्वीरों को प्रचारित कर दिखावा करती रहती है, लेकिन दिल्ली के शिक्षा मॉडल की असली तस्वीर यही है कि यहां शिक्षकों को अपने वेतन के लिए सरकार के आगे हाथ फैलाने पड़ते हैं। पहले गेस्ट शिक्षकों को वेतन के लिए महीनों इंतजार कराया गया, फिर कॉलेज के शिक्षकों को वेतन के लिए मोहताज कर दिया गया।