
रायगढ़ । एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे "अभियान संवेदना" के तहत पुलिस महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना भूपदेवपुर पुलिस ने दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को एक महिला ने थाने पहुंचकर अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने और उसके साथ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी बेटी 14 जुलाई को घरघोड़ा स्थित रिश्तेदार के घर गई थी, जहां से वह लापता हो गई थी।
इसी दौरान आरोपी शिव कुमार चौहान (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम जैमुड़ा ने फोन कर युवती को अपने साथ ले जाने की बात कही। 19 जुलाई को आरोपी पीड़िता को उसके घर छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ने परिजनों को बताया कि आरोपी उसे मोटरसाइकिल से बहला-फुसलाकर अपने गांव जैमुड़ा ले गया था, जहां एक घर में बंधक बनाकर लगातार उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक के मार्गदर्शन में महिला उप निरीक्षक संध्यारानी कोका ने तत्काल पीड़िता का बयान दर्ज कर मामला पंजीबद्ध किया। पुलिस टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।