
देश के कुछ हिस्सों में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। ऐसे में केंद्र सरकार ने 7 राज्यों के लिए एडवायजरी जारी की है। इन राज्यों को टेस्टिंग बढ़ाने और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे जरूरी नियमों के पालन का निर्देश दिया गया है। साथ ही वैक्सीनेशन की रफ्तार में तेजी लाने भी कहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने दिल्ली, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु और तेलंगाना को एक लेटर लिखा है। केंद्र की चिंता आने वाले त्योहारों को लेकर है जिनमें कोरोना संक्रमण के फैलने की आशंका है।
दिल्ली में लगातार चौथे दिन केस 2000 के पार
पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र में 1931, तमिलनाडु में 1094, कनार्टक में 1694, गुजरात में 965 और हरियाणा में 907 केस आए हैं। सबसे ज्यादा केस अभी भी दिल्ली में ही दर्ज किए गए हैं। लगातार चौथे दिन केस 2000 के पार रहे। शनिवार को देश के सबसे ज्यादा 2311 केस दिल्ली में ही रिकॉर्ड किए गए।
5 राज्यों में पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी के पार
देश के 5 राज्य ऐसे हैं, जहां पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी से ज्यादा है। इन राज्यों में दिल्ली, उत्तराखंड, गोवा, हिमाचल प्रदेश और मेघालय शामिल हैं। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 13.84%, उत्तराखंड में 12.39%, गोवा में 10.85%, हिमाचल प्रदेश में 13.75% और मेघालय में सबसे ज्यादा 30.62% में रहा। दिल्ली को छोड़कर बाकी राज्यों में भले ही पॉजिटिविट रेट 10 फीसदी से ज्यादा हो, लेकिन यहां रोजाना केस हजार से नीचे ही है।