
भिलाई । श्रम कानूनों का पालन कराने और अपने वाजिब हक सहित वेतन संशोधन जैसी मांगों को लेकर टॉप वर्थ स्टील एंड पावर लिमिटेड अमलगम रसमड़ा के खिलाफ 20 दिनों तक चले शांतिपूर्ण आंदोलन सौहार्दपूर्ण माहौल में 4 जून को समाप्त हो गया। पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में जिला व पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में टॉप वर्थ के साथ यूनियन पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें यूनियन अध्यक्ष की सेवा समाप्ति और 12 कर्मचारियों का निलंबन आदेश रद्द कर कर शीघ्र ही निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर पुनः सेवा में वापसी कराने समझौता हुआ।
हिंद मजदूर सभा ( एचएमएस ) के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष तथा टॉप वर्थ स्टील एंड पावर नियमित एवं ठेका कर्मचारी संघ के संरक्षक एच एस मिश्रा ने बताया कि विगत 16 मई 2026 से टॉप वर्थ स्टील एंड पावर लिमिटेड अमलगम रसमड़ा में विभिन्न श्रम कानूनों का अक्षरस: पालन कराने, रोलिंग मिल के कर्मचारियों को वाजिब हक दिलाने, वेतन संशोधन एवं शोषण समाप्त करने शांति प्रिय तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा था। इस दौरान कंपनी प्रबंधन ने एक तरफा निर्णय लेते हुए कर्मचारी हित की बात करने वाले टॉप वर्थ स्टील एंड पावर नियमित एवं ठेका कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मुकुंद पाण्डेय की सेवा समाप्ति सहित 12 पदाधिकारियों के खिलाफ निलंबन आदेश जारी कर दिया। इस बीच 19 मई को एसडीएम दुर्ग हरबंश मिरी के कार्यालय में सभी पक्षों की 5 घंटे तक चली बैठक बेनतीजा रही। वहीं 2 जून को अनेक बार बैठक होने की जानकारी और आश्वासन के बाद भी कोई बैठक नहीं हो सकी।